बिलासपुर । घरेलू गैस सिलेण्डर के अवैध भण्डारण एवं वितरण की सूचना के आधार पर 19 दिसंबर को खाद्य विभाग बिलासपुर के जाँच दल द्वारा मंगला, बिलासपुर स्थित महामाया पार्क कॉलोनी में स्थित गोदामनुमा मकान की जाँच की गई। जाँच के दौरान मकान में शारदा गैस एजेन्सी का गैस बुकिंग काउंटर पाया गया। काउंटर के कर्मचारी श्रीमती पुष्पा मरकाम बुकिंग काउंटर पर उपस्थित थी। काउंटर में वजन मापी मशीन एवं 18 नग 14.2 कि0ग्रा0 आंशिक भरा घरेलू गैस सिलेण्डर एवं 12 नग 14.2 कि0ग्रा0 भरा घरेलू गैस सिलेण्डर रखा हुआ पाया गया। काउंटर में उपस्थित कर्मचारी श्रीमती पुष्पा मरकाम ने अपने बयान में बताया कि यहाँ शारदा गैस सर्विस से घरेलू गैस सिलेण्डर का भण्डारण होता है और गैस कार्डधारियों को गैस सिलेण्डर प्रदाय किया जाता है। प्रतिदिन 20-25 गैस सिलेण्डर गोदाम में भण्डारण एवं वितरण होना बताया गया। जॉच के दौरान सूचना उपरांत शारदा गैस सर्विस के कर्मचारी लव कुमार यादव ने गैस सिलेण्डर वितरण का एक पंजी प्रस्तुत किया, जिसमें प्रतिदित 35-40 गैस सिलेण्डर वितरण होना पाया गया। उनके द्वारा इस संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जॉच के दौरान उपस्थित उपभोक्ता का भी कथन लिया गया कि वह सिलेण्डर रिफिल करवाने आते है व कभी-कभी सिलेण्डर ऑटो से घर पर आता है और कभी-कभी उस मकान से आकर ले जाते है। आई.ओ.सी.एल. के सेल्स ऑफिसर से जानकारी लेने पर उनके द्वारा शारदा गैस एजेन्सी के रिहायशी क्षेत्र में अनाधिकृत काउंटर एवं गैस सिलेण्डर के भण्डारण एवं वितरण को अवैध बताया गया है। जाँच के दौरान लव कुमार यादव द्वारा 02 नग पंजी प्रस्तुत की गई, जिसमें प्रतिदिन वितरण किये जाने वाले हितग्राहियों का नाम एवं उपभोक्ता क्रमांक दर्ज होना पाया गया। जिसमें प्रथम पंजी में अनेक स्थान पर ब्लैक में 1000 से 1200 रूपये में सिलेण्डर प्रदाय किये जाने का उल्लेख किया गया है। यहां से मिली अनियमितताओं एवं सुरक्षा की दृष्टि से उक्त परिसर में उपलब्ध सभी 18 नग 14.2 कि0ग्रा0 आंशिक भरे एवं 12 नग 14.2 कि0ग्रा0 भरे घरेलू सिलेण्डरों को जप्त किया गया था। शारदा गैस एजेन्सी के प्रोपाईर सुभाष जायसवाल एवं कर्मचारी लव कुमार यादव के द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम प्रदाय और वितरण विनियमन आदेश 2000 की कण्डिका 3, 4, 6, 7 एवं 9 का उल्लंघन किया जाना पाया गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार उपरोक्त प्रकरण में 24 दिसंबर को खाद्य विभाग द्वारा थाना सिविल लाईन्स बिलासपुर में शारदा गैस एजेन्सी के प्रोपाईटर सुभाष जायसवाल एवं कर्मचारी लव कुमार यादव के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। घरेलू गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी करने वाले एजेन्सी/व्यापारियों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरूद्ध इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।
शारदा गैस एजेंसी के मालिक और कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

You Might Also Like
Sign Up For Daily Newsletter
Be keep up! Get the latest breaking news delivered straight to your inbox.
[mc4wp_form]
By signing up, you agree to our Terms of Use and acknowledge the data practices in our Privacy Policy. You may unsubscribe at any time.
Stay Connected
- Advertisement -

