नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

admin
2 Min Read

पिथौरागढ़, 04 फरवरी। पिथौरागढ़ पुलिस की कड़ी मेहनत ने रंग दिखाया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पिथौरागढ़ पुलिस ने एक नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को मध्य प्रदेश से पकड़कर सलाखों के पीछे पहुँचाया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिये लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के कुशल मार्गदर्शन में आज पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के अभियुक्त को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। विगत 20 जनवरी को कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्रान्तर्गत एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी कि 02 नवम्बर 2024 को पियूष वर्मा ने उसकी 15 वर्ष की नाबालिक पुत्री का शारीरिक शोषण किया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिथौरागढ़ में पियूष वर्मा पुत्र धीरज वर्मा निवासी ग्राम पाटा पिथौरागढ़ उम्र 19 वर्ष के विरूद्ध धारा 64 बीएनएस व 5/6/11/12 पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। अभियुक्त घटना के समय से ही फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के आदेशानुसार, पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में एसएचओ कोतवाली ललित मोहन व प्रभारी एसओजी मनोज पाण्डे के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गयी। अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिये लखनऊ, बिहार, अमृतसर, करनाल हरियाणा आदि शहरों में अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस व एसओजी टीम ने सर्विलांस की मदद से अभियुक्त को खजुराहो (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया।

Share This Article