दुबई एयर शो में भारतीय तेजस लड़ाकू विमान क्रैश: पायलट की मौत, जांच के आदेश

Daily Prime Desk
2 Min Read

भारतीय वायु सेना का तेजस लड़ाकू विमान शुक्रवार को दुबई एयर शो के अंतिम दिन हवाई प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे विमान में आग लग गई और घना काला धुआं उठता देखा गया। यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हज़ारों दर्शकों के सामने तब हुआ जब तेजस कम ऊंचाई पर उड़ते हुए अचानक नियंत्रण खो बैठा और ज़मीन से टकरा गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में पायलट की मौत हो गई। भारतीय वायु सेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बयान में कहा, “आज दुबई एयर शो के दौरान एक आईएएफ तेजस विमान के साथ दुर्घटना हुई। हादसे में पायलट की जान चली गई है। इस दुःखद घड़ी में भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवार के साथ है।’’ भारतीय वायु सेना ने जांच के आदेश भी दिए हैं।
यह घटना दुबई एयर शो के अंतिम दिन घटी, जिसमे दुनिया की कुछ बड़ी एयरोस्पेस कंपनियां और सरकारें भाग ले रही थीं। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, दमकल और इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं और आग पर काबू पाया। एयर शो में हवाई प्रदर्शन दो घंटे बाद फिर से शुरू हो गए। तेजस की यह दूसरी दर्ज की गई दुर्घटना है, इससे पहले मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान ऐसा हादसा हुआ था।
तेजस भारतीय एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा पूरी तरह स्वदेशी रूप से निर्मित है और यह भारतीय वायु सेना के साथ-साथ अन्य विदेशी खरीदार देशों के लिए प्रदर्शन किया जा रहा था।

Share This Article