उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय गेट से ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि सीमांत क्षेत्रों के विकास और युवाओं में साहस व ऊर्जा भरने का अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पारंपरिक मशाल प्रज्वलित कर रन की शुरुआत की और प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक खेलों और पर्यटन के लिए देश-दुनिया में तेजी से पहचान बना रहा है। नीति घाटी जैसे सीमांत क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई दिशा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का काम करेंगे।
इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।


