पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक बेहद दर्दनाक और भयावह खबर सामने आई है। क्वेटा रेलवे स्टेशन के पास जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती बम धमाके में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास का इलाका दहल उठा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला उस समय हुआ जब जाफर एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक के पास पहुंच रही थी। विस्फोटकों से भरे वाहन के जरिए ट्रेन को निशाना बनाया गया। धमाके के तुरंत बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रतिबंधित आतंकी संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने इसे “फिदायीन हमला” बताया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकवादियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


