मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में कंगना एक साहसी नर्स की भूमिका निभा रही हैं, जो 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में ड्यूटी निभाते हुए मानवता और साहस की मिसाल पेश करती नजर आएंगी। ट्रेलर में भावनाओं, देशभक्ति और संघर्ष का अनूठा संगम देखने को मिला है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना रनौत ने एक दिलचस्प खुलासा भी किया। उन्होंने बताया कि फिल्म का नाम पहले ‘नर्सेज ऑफ कामा’ रखा गया था, लेकिन बाद में निर्माताओं ने इसे बदलकर ‘भारत भाग्य विधाता’ करने का निर्णय लिया। यह टाइटल पहले अभिनेता जॉन अब्राहम के पास पंजीकृत था। कंगना ने कहा कि जब उन्होंने जॉन से इस बारे में बात की तो उन्होंने बिना किसी शुल्क के यह टाइटल दे दिया।
कंगना ने जॉन अब्राहम के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर लोग अपने रजिस्टर्ड टाइटल को आसानी से नहीं छोड़ते, लेकिन जॉन ने दोस्ती और सहयोग की भावना दिखाते हुए ऐसा किया। उन्होंने इसके लिए जॉन का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद भी किया।
फिल्म की कहानी उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि देती है जिन्होंने 26/11 हमलों के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की मदद की थी। ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


