उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम खराब होने और भारी बर्फबारी के बाद गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्क क्षेत्र में प्रवेश फिलहाल अगले आदेश तक प्रतिबंधित किया गया है।
बीते 26 और 27 सितंबर को उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हुई थी। इसके चलते कई ट्रेकिंग मार्गों पर आवाजाही मुश्किल हो गई। इसी दौरान गंगोत्री क्षेत्र में ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के फंसने की घटनाएं भी सामने आईं, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

पार्क अधिकारियों के अनुसार, गंगोत्री-गोमुख-तपोवन, गार्टांग गली और केदारताल समेत कुछ ट्रेकिंग मार्गों को भारी बारिश और बर्फबारी से नुकसान पहुंचा है। मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए मरम्मत का काम किया जा रहा है। मौसम और रास्तों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रेकिंग व पर्वतारोहण गतिविधियों को दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।

