उत्तराखंड में वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़, मसूरी में होटल चेकआउट के साथ लगा लंबा जाम

Daily Prime Desk
2 Min Read

उत्तराखंड में गांधी जयंती और वीकेंड की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। मसूरी और कैंची धाम समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। बढ़ते यातायात दबाव के बीच पुलिस-प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम भी कई जगह कम पड़ते नजर आए।

पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार को लगातार तीसरे दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह होटल चेकआउट के समय बड़ी संख्या में पर्यटकों के वाहन एक साथ सड़कों पर आने से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सुबह करीब 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच यातायात का दबाव सबसे ज्यादा रहा। होटल से निकलने वाले वाहनों के कारण लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस चौक और मालरोड समेत आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। कई पर्यटक और स्थानीय लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

इस दौरान पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु करने में जुटे रहे, लेकिन पर्यटकों की बड़ी संख्या के कारण दबाव लगातार बना रहा। लंबे वीकेंड के दौरान मसूरी में जाम की समस्या पहले भी सामने आई है।

वहीं नैनीताल जिले के कैंची धाम में भी रविवार को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ रही। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए कतारें लगने लगी थीं। यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए भीमताल और भवाली में वाहनों को पार्क कराकर शटल सेवा से कैंची धाम पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

Share This Article