112 पर हत्या की फर्जी सूचना से मचा हड़कंप, जांच में सामने आई सच्चाई

Daily Prime Desk
1 Min Read

कालूवाला: बुधवार रात कालूवाला क्षेत्र में उस समय पुलिस महकमे में हलचल मच गई, जब एक व्यक्ति ने फोन कर हत्या की सूचना दी। कॉल करने वाले ने दावा किया कि एक व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसका शव सौंग नदी में फेंक दिया गया है। हालांकि, मौके पर पहुंचकर जांच करने पर सूचना झूठी निकली।

बताया गया कि बुधवार रात करीब 10 बजे अर्जुन चौहान, निवासी ग्राम निगासन, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश ने अपने जीजा के मोबाइल से पुलिस आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल की। उसने जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज को भी फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी और थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए क्षेत्र में तलाश शुरू की। पुलिस काफी देर तक संभावित स्थानों पर जांच करती रही। बाद में सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंचने पर पूरी घटना की सच्चाई सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, हत्या की सूचना झूठी थी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति का चालान काटा गया और उसे भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई।

Share This Article