देहरादून और हरिद्वार में छठ महापर्व का समापन गुरुवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। भोर होते ही छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से शहर के विभिन्न घाट गूंज उठे। हाथों में पूजा सामग्री और प्रसाद से सजी डलिया लेकर व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ तड़के ही घाटों पर पहुंच गए।
देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न स्थानों पर सुबह होने से पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हरिद्वार में भी छठ पूजा को लेकर घाटों पर उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ अपना कठिन अनुष्ठान पूरा किया। इस दौरान व्रतियों ने छठी मैया और भगवान भास्कर से परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और समृद्धि की कामना की।
पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया। घाटों पर सुबह से ही छठी मैया के जयकारे और भक्ति गीतों की गूंज बनी रही।


