उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की नीट यूजी काउंसिलिंग के दौरान एक अभ्यर्थी के अंकों को लेकर विवाद सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को एक ही छात्रा के दो अलग-अलग स्कोर कार्ड मिले हैं, जिनमें अंकों का अंतर है। इसके अलावा छात्रा के नाम से दो अलग-अलग आवेदन पत्र भी प्रस्तुत किए गए। विश्वविद्यालय ने इस मामले को संदिग्ध और कूटरचित बताते हुए पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय ने डोईवाला कोतवाली में शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए जांच और प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
एक स्कोर कार्ड में 315 तो दूसरे में 215 अंक
शिकायत के अनुसार, 24 नवंबर को मॉप अप राउंड काउंसिलिंग के दौरान फरीदाबाद, हरियाणा निवासी अनुराग खरे अपनी पुत्री आस्था खरे की काउंसिलिंग के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नीट का जो स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया, उसमें छात्रा के 315 अंक दर्ज थे।
हालांकि, विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में उपलब्ध स्कोर कार्ड में आस्था खरे के अंक 215 दर्ज हैं। इस तरह प्रस्तुत किए गए दस्तावेज और विश्वविद्यालय के अभिलेखों में 100 अंकों का अंतर सामने आया।
ईमेल से भेजा गया था 215 अंकों वाला स्कोर कार्ड
उपकुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि विश्वविद्यालय ने 23 नवंबर को ईमेल के माध्यम से संबंधित अभ्यर्थी को 215 अंकों वाला स्कोर कार्ड भी भेजा था। इसके बावजूद 24 नवंबर को काउंसिलिंग के दौरान 315 अंकों वाला स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया गया।
मामले में एक और बात सामने आई है। छात्रा के नाम से दो अलग-अलग आवेदन पत्र भी जमा किए गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दस्तावेजों में इस अंतर को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


