हिमालय बचाओ अभियान-2025 में सीएम धामी का आह्वान- आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर सुरक्षित रखें

देहरादून। हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा मंगलवार को मसूरी रोड स्थित होटल में ’’हिमालय बचाओ अभियान-2025’’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया और हिमालय संरक्षण में योगदान देने वालों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 में शुरू हुआ ’’हिमालय बचाओ अभियान’’ अब एक जन-जन का आंदोलन बन चुका है। हिमालय हमारे देश की आत्मा और जीवन का आधार है। यहां से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों को जल उपलब्ध कराती हैं और ऊर्जा का मुख्य स्रोत हैं। साथ ही यहां की दुर्लभ वनस्पतियां और जीव-जंतु हमारे पर्यावरण के लिए अनमोल हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालय को सुरक्षित रखने के लिए विकास और पर्यावरणीय संतुलन दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना करने के लिए वन संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता अभियानों के जरिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि पर्यटन हिमालयी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसलिए राज्य सरकार सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है। साथ ही प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन के लिए डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम लागू किया गया, जिससे अब तक 72 टन कार्बन उत्सर्जन घटाने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि हिमालय संरक्षण के लिए स्थानीय निवासियों की परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को भी नीति निर्माण में शामिल किया जाना चाहिए। जब हर नागरिक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए हिमालय सुरक्षित रह सकेगा।