पंजाबी गायक हरमन सिद्धू की सड़क हादसे में मौत; कार-ट्रक टक्कर में मौके पर ही दम तोड़ा, इंडस्ट्री में शोक की लहर

पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक हरमन सिद्धू की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा पंजाब के मानसा जिले में उस समय हुआ जब उनकी कार की एक ट्रक से तेज़ टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हरमन सिद्धू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरमन सिद्धू अपने गांव ख्याला (मानसा) लौट रहे थे। पुलिस ने इस मामले में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है।
37 वर्षीय गायक को उनके गाने “Paper Te Pyaar” से पहचान मिली थी, जिसे मिस पूजाज के साथ गाया गया था। उनके अन्य मशहूर गानों में “Mela”, “Sari Raat Parhdi”, “Thakevan Jattan Da”, “Pai Gaya Pyar” शामिल हैं।
दुर्घटना से कुछ दिन पहले ही उन्होंने दो नए गानों की शूटिंग पूरी की थी, जो जल्द रिलीज़ होने वाले थे। उनकी मृत्यु से न केवल प्रशंसकों बल्कि पूरी पंजाबी इंडस्ट्री में गहरा शोक फैल गया है। हरमन अपने पीछे पत्नी, बेटी और मां को छोड़ गए हैं।
उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट उनकी बेटी के साथ किया गया रील वीडियो था, जिस पर अब भावुक कमेंट्स की भरमार है।




