देहरादून के रिस्पना पुल के पास स्थित पनासिया अस्पताल में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ICU में लगे एयर-कंडीशनर में अचानक विस्फोट होने के बाद आग लग गई, जिससे पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला मरीज की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में मरीजों के साथ अस्पताल का स्टाफ भी शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ICU से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही SDRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने बड़ी मशक्कत के बाद अस्पताल में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई मरीजों को तुरंत दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एयर-कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट और विस्फोट मानी जा रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं और फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


