उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हर की पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई और स्वयं कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को भोजन भी परोसा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारत की सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक संस्कृति का प्रतीक है तथा इसकी सुचारु व्यवस्था के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग, एम्बुलेंस सेवा, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली जैसी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

