बेहतरीन आबोहवा के लिए प्रसिद्ध देहरादून और धर्मनगरी हरिद्वार अब शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में देश के मॉडल शहरों के रूप में विकसित किए जाएंगे। केंद्र सरकार की प्रगति-50 पहल के तहत उत्तराखंड के दोनों शहरों को देश के 24 राज्यों से चयनित 50 शहरों में शामिल किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य चयनित शहरों को नियमित साफ-सफाई व्यवस्था से आगे ले जाकर ऐसे आदर्श शहरों के रूप में विकसित करना है, जहां लगातार उच्च स्तर के स्वच्छता मानक बनाए रखे जा सकें। इसके तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और प्रयुक्त जल के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के 51वें प्रगति सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के बाद केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने इन 50 शहरों का चयन किया है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को दिल्ली से इस पहल की शुरुआत की।
कार्यक्रम से देहरादून में राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, निदेशक विनोद गोस्वामी समेत अन्य अधिकारी वर्चुअली जुड़े। पहल के तहत दोनों शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने तथा बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए काम किया जाएगा।

