देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस जवानों को ले जा रही बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक ने एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दो लोग भी घायल हो गए। इस तरह दुर्घटना में कुल सात लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस जवानों की बस रुड़की की ओर से देहरादून आ रही थी। आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आशारोड़ी क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को लेकर सड़क सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। हाल में इसी क्षेत्र में भारी वाहनों से कई दुर्घटनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों ने भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षा उपाय सुझाए हैं।


