पीएफ खाताधारकों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने एक नई सुविधा शुरू की है। अब कर्मचारी व्हाट्सएप के जरिए अपने प्रोविडेंट फंड खाते से जुड़ी जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें हर बार ईपीएफओ की वेबसाइट पर लॉगइन करने या कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस समारोह में इस नई सुविधा की शुरुआत की। इसका उद्देश्य सब्सक्राइबर्स को पीएफ से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है।
व्हाट्सएप से मिलेंगी ये 3 जानकारियां
ईपीएफओ की नई व्हाट्सएप सेवा के जरिए कर्मचारी अपने खाते से जुड़ी निम्न जानकारियां देख सकेंगे:
- PF बैलेंस: खाते में जमा कुल राशि की जानकारी।
- पासबुक डिटेल: पीएफ खाते की पासबुक से जुड़ी जानकारी।
- पांच हालिया ट्रांजैक्शन: खाते में हुए पिछले पांच लेन-देन का विवरण।
निष्क्रिय पीएफ खातों पर भी बड़ा कदम
ईपीएफओ ने निष्क्रिय पीएफ खातों के निपटान को आसान बनाने के लिए स्वचालित प्रक्रिया शुरू करने की पहल की है। इसके तहत आधार से सत्यापित ऐसे निष्क्रिय खातों में, जिनका बैलेंस 1,000 रुपये तक है, पात्र सब्सक्राइबर्स को पैसा निकालने के लिए अलग से दावा दाखिल नहीं करना होगा।
कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह बदलाव?
नई व्हाट्सएप सेवा से पीएफ खाते की जानकारी हासिल करना आसान हो सकता है। वहीं, निष्क्रिय खातों के स्वचालित निपटान की पहल से पात्र खाताधारकों को छोटी बकाया राशि निकालने की प्रक्रिया में राहत मिल सकती है।


