छठ पूजा आज से शुरू: नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया संकल्प, जानें खरना से लेकर अर्घ्य तक की तारीखें

Daily Prime Desk
2 Min Read

लोकआस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू हो गया है। बिहार सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में व्रती नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत कर रहे हैं। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को मनाए जाने वाले इस पहले दिन में स्नान, शुद्ध भोजन और व्रत के संकल्प का विशेष महत्व होता है।

नहाय-खाय से शुरू होती है परंपरा

छठ के पहले दिन व्रती नदी, तालाब या अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान करते हैं। इसके बाद पूरी साफ-सफाई और सात्विकता के साथ भोजन तैयार किया जाता है। इसे ग्रहण करने के बाद व्रती छठ का संकल्प लेते हैं।

छठ के चार दिनों का पूरा कार्यक्रम

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस बार पर्व के दौरान कई शुभ नक्षत्र और योग बन रहे हैं।

  • नहाय-खाय: 13 नवंबर को मूल नक्षत्र, धृति योग और रवियोग का संयोग।
  • खरना: 14 नवंबर को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और रवियोग।
  • संध्या अर्घ्य: 15 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग और रवियोग।
  • उषा अर्घ्य: 16 नवंबर को वृद्धि योग और सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग।

सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा अनुष्ठान

रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार 16 नवंबर को उगते सूर्य की उपासना और अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।

Share This Article