उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। शनिवार, 14 नवंबर को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ सकती है।
इन पांच जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।
तापमान में आ सकती है गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट महसूस हो सकती है।
शुक्रवार को दून में खिली रही धूप
शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर धूप खिली रही, जिससे दिन के समय ठंड का असर कम रहा। हालांकि पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं के कारण सुबह और शाम के साथ दिन में भी ठंड महसूस की गई।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के बराबर था।


