बुधवार सुबह बुधनी नगर में एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। वार्ड नंबर 12 के एक मकान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। मृतकों में 45 वर्षीय पति, 40 वर्षीय पत्नी और उनका 24 साल का बेटा शामिल है। घर के भीतर तीनों के शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या मंगलवार रात को हुई होने की आशंका है। तीनों मृतकों के सिर पर चोट के निशान मिलने की बात भी सामने आई है।
मंगलवार रात घर में सो रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राकेश मीणा (45) अपनी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन मीणा (24) के साथ वार्ड नंबर 12 में रहते थे। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया होने की आशंका जताई जा रही है।
दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को हुई अनहोनी की आशंका
बुधवार सुबह मकान में सामान्य हलचल नहीं दिखी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जब घर के अंदर तीनों के शव दिखाई दिए तो लोगों के होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

