उत्तराखंड में पुलिस विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 1694 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलेगी। भर्ती में शामिल सभी पद 12वीं के स्तर के हैं।
आयोग ने भर्ती का संभावित कार्यक्रम भी जारी किया है। इसके तहत जनवरी में शारीरिक दक्षता परीक्षा और अप्रैल में लिखित परीक्षा आयोजित करने की योजना है।
आवेदन और करेक्शन की तारीखें तय
इच्छुक उम्मीदवार 25 नवंबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 25 दिसंबर है। फॉर्म भरने के बाद उसमें संशोधन के लिए 28 से 30 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।
इसके बाद जनवरी में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। फिजिकल टेस्ट के अलग-अलग मानक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी और पद के अनुसार इन मानकों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन से प्राप्त करनी होगी।
नौकरी छोड़ने पर प्रशिक्षण और वेतन की राशि लौटानी होगी
भर्ती की शर्तों में पांच साल की अनिवार्य सेवा का प्रावधान भी शामिल है। पुलिस कांस्टेबल, पीएसी आईआरबी कांस्टेबल और अग्निशामक पदों पर चयनित उम्मीदवारों को अंतिम मेडिकल परीक्षण में सफल होने के बाद पांच साल तक सेवा में रहने का पत्र देना होगा।
यदि कोई कर्मचारी पांच साल से पहले नौकरी छोड़ता है या अपने अनुरोध पर दूसरी सेवा में जाने के लिए कार्यमुक्त होता है, तो उसे प्रशिक्षण का खर्च, मिला हुआ स्टाइपेंड और वेतन की राशि पुलिस विभाग को वापस करनी होगी।
आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पांच साल की सेवा से जुड़ा यह नियम पुराना है और फिलहाल इन पदों पर लागू है। भर्ती की विस्तृत जानकारी, पात्रता और शारीरिक दक्षता के मानक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/ पर देखे जा सकते हैं।


