SIR में वोटर लिस्ट से कट गया नाम तो न घबराएं, Form-6 भरने पर नहीं होगी कानूनी कार्रवाई

Daily Prime Desk
4 Min Read

चुनाव आयोग ने पुराने मतदाताओं की आशंकाएं दूर कीं, दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद जारी किए स्पष्ट निर्देश; ड्राफ्ट सूची से नाम गायब होने पर नए सिरे से आवेदन कर सकेंगे मतदाता।

चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गए हैं या किसी कारण शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भर सकते हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहले से मतदाता रहे लोगों के फॉर्म-6 भरने को गलत घोषणा नहीं माना जाएगा और केवल इस आधार पर उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी।

आयोग ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने अपने निर्देशों के समर्थन में दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्तूबर के फैसले का भी उल्लेख किया है। अदालत ने कहा था कि यदि कोई व्यक्ति पहले मतदाता था, लेकिन उसका नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, तो उसका फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जा सकता। ऐसे आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

Form-6 भरने से क्यों डर रहे थे पुराने मतदाता?

एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कई ऐसे लोगों के नाम नहीं मिले, जो पहले से मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। इसके बाद उनके सामने दोबारा नाम जुड़वाने की प्रक्रिया को लेकर असमंजस पैदा हो गया था।

दरअसल, फॉर्म-6 में आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। ऐसे में पुराने मतदाताओं को आशंका थी कि पहले से वोटर होने के बावजूद यह फॉर्म भरने पर उनकी घोषणा गलत मानी जा सकती है। उन्हें जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत मुकदमा दर्ज होने का भी डर था।

चुनाव आयोग ने ERO को दिए कार्रवाई न करने के निर्देश

चुनाव आयोग ने अब इस भ्रम को दूर कर दिया है। आयोग के मुताबिक, यदि किसी पुराने मतदाता का नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं है, तो अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए उसे फॉर्म-6 भरना होगा। पूर्व में मतदाता होने के बावजूद नए सिरे से आवेदन करने को गलत घोषणा नहीं माना जाएगा।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को भी निर्देश दिए गए हैं कि केवल इस आधार पर किसी आवेदक के खिलाफ कार्रवाई न की जाए कि वह पहले मतदाता रह चुका है।

दूसरी विधानसभा या लोकसभा सीट पर नाम नहीं होना जरूरी

हालांकि, फॉर्म-6 भरने के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त भी लागू रहेगी। आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट सूची में नाम छूटने वाले पात्र मतदाता नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं।

Share This Article