देहरादून में शादी के बाद दहेज विवाद, 20 लाख रुपये नहीं मिलने पर दुल्हन को दिल्ली ले जाने से किया इनकार

Daily Prime Desk
2 Min Read

सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वादा करने वाले दूल्हा-दुल्हन के बीच शादी के कुछ घंटे बाद ही विवाद हो गया। आरोप है कि दूल्हे और उसके परिजनों ने विदाई से पहले दुल्हन के परिवार से 20 लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं मिलने पर नवविवाहिता को दिल्ली ले जाने से इनकार कर दिया गया। आखिरकार दुल्हन मायके में ही रह गई और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

शिकायत के अनुसार, देहरादून निवासी युवती का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली निवासी युवक के साथ गुरुद्वारे में हुआ था। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद मेहमानों के लिए एक क्लब में प्रतिभोज का आयोजन किया गया था। इससे पहले दूल्हा और दुल्हन तैयार होने के लिए एक ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे।

ब्यूटी पार्लर में दुल्हन और भाई को अपमानित करने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ब्यूटी पार्लर में दूल्हे के भाई और भाभी ने दहेज में 20 लाख रुपये नहीं देने को लेकर दुल्हन और उसके भाई को अपमानित किया। साथ ही विदाई से पहले ही रकम का इंतजाम करने के लिए कहा गया।

प्रतिभोज स्थल पर भी हुई दहेज को लेकर बातचीत

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच सभी लोग प्रतिभोज स्थल पहुंचे। वहां भी दहेज की मांग को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन को दिल्ली ले जाने से इनकार कर दिया। परिणामस्वरूप नवविवाहिता को अपने मायके में ही रहना पड़ा और बरात बिना दुल्हन के लौट गई।

Share This Article