नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। भारत में फिल्म की कमाई की रफ्तार भले ही पहले के मुकाबले धीमी पड़ गई हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के 22 दिनों में फिल्म का दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन करीब 1,777 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन लगभग 992.10 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि घरेलू ग्रॉस कमाई 1,185 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिल्म अब भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार करने के बेहद करीब है। वहीं, विदेशों में 22 दिनों के भीतर फिल्म ने करीब 592 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
घरेलू बाजार में रोजाना की कमाई में गिरावट के बावजूद विदेशों में फिल्म की पकड़ बनी हुई है। तीसरे सप्ताह में भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों से इसे अच्छी कमाई हुई। इसी प्रदर्शन के दम पर ‘रामायण’ अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
फिल्म की कमाई में आगे और इजाफा होने की उम्मीद है। हालांकि, ‘बाहुबली 2’ और ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ने के लिए इसे अभी और कारोबार करना होगा।


