देश में बहुत सारे आया राम, गया राम: पहले से था पता नीतीश मारेंगे पलटी; खरगे ने बोला हमला…

3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

सवा तीन साल के कार्यकाल में उनका यह दूसरा इस्तीफा है। अब वह इसी विधानसभा कार्यकाल के दौरान तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

नीतीश के इस्तीफे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हमला बोला है और कहा है कि देश में कई आया राम, गया राम हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि नीतीश पलटी मारने वाले हैं।

खरगे ने कहा कि हमने जब लालू यादव और तेजस्वी जी से बात की तो उन लोगों ने कहा था कि हमें लगता है कि वह हमारे हाथ से चले जाएंगे।

उन्होंने कहा था कि यदि नीतीश कुमार अलग भी हो जाएंगे तब भी हम मिलकर लड़ेंगे। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम गठबंधन की खातिर चुप थे।

हम चाहते थे कि अपनी तरफ से कुछ भी न बोला जाए ताकि कोई गलत संदेश न जाए। 

खरगे के आरोप पर जेडीयू नेता केसी त्यागी ने पलटवार किया है और आरोप लगाया है कि कांग्रेस इंडिया अलायंस को हड़पना चाह रही थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक कॉकस बना रखा है और उसी की साजिश के जरिए खरगे को अलायंस का अध्यक्ष बनाया गया था।

त्यागी ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर सीटों का बंटवारा लटका कर रखा था। त्यागी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को खत्म करना चाहती थी।

जेडीयू नेता ने कहा कि कांग्रेस की खराब मंशा की वजह से ही किसी भी राज्य में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारा नहीं हो सका है।

उधर, इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन पर हमला बोला था और कहा था कि वहां कुछ नहीं हो रहा था। इससे वह तकलीफ में थे क्योंकि उनकी पहल पर ही इंडिया गठबंधन बना था।

नीतीश ने इंडिया अलायंस पर कहा कि लोगों में बहुत दुख और आशंका थी,उधर कुछ काम नहीं हो रहा था, इसलिए इस्तीफा दे दिया।

अब नीतीश कुमार बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाएंगे। माना जा रहा है कि आज शाम नीतीश कुमार शपथ ग्रहण कर सकते हैं।

उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

Share This Article