उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदार पर्यटन सम्मान, महाराज बोले – पर्यटन को बनाएं सतत और सामुदायिक

Daily Prime Desk
2 Min Read

दिल्ली/देहरादून, 13 सितम्बर 2025।

उत्तराखंड पर्यटन को आईसीआरटी भारतीय उपमहाद्वीप जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कार-2025 में सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। राजधानी दिल्ली के यशोभूमि (आईआईसीसी), द्वारका में आयोजित इस समारोह में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य की पर्यटन नीतियाँ प्रकृति संग सामंजस्यपूर्ण विकास का प्रतीक हैं।

 

महाराज ने कहा कि यह सम्मान हमारे लिए गर्व का क्षण है। यह इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की नीतियाँ — ग्रामीण पर्यटन, होम-स्टे योजना और पर्यावरण संरक्षण — सही दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास और निवेश को बढ़ावा दे रही है।

 

इस अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन की ओर से अपर निदेशक पूनम चंद और आईसीआरटी इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष हेरोल्ड गुडविन व प्रबंध निदेशक मनीषा पांडे के बीच MoU साइन हुआ। यह समझौता जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कदम है।

 

आईसीआरटी भारतीय उपमहाद्वीप जिम्मेदार पर्यटन पुरस्कारों की सूची में भारत, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव के 17 संगठनों को स्थान दिया गया। महाराज ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन केवल यात्रियों की सुविधा नहीं बल्कि समाज और पर्यावरण की जिम्मेदारी भी है। सामूहिक प्रयास से ही पर्यटन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और लाभकारी बनेगा।

Share This Article