पर्यटन और खेल को नई उड़ान देगा आदि कैलाश मैराथन, सीएम धामी ने किया लोगो लॉन्च और प्रोमो रन का आगाज

देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन, खेल और स्वास्थ्य को नई पहचान देने के लिए आदि कैलाश परिक्रमा अल्ट्रा मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मैराथन के प्रोमो रन को फ्लैग ऑफ किया और लोगो का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि यह सीमांत क्षेत्रों को सम्मान, स्थानीय युवाओं को रोजगार, पलायन पर रोक और होम-स्टे पर्यटन को बढ़ावा देने का भी सशक्त माध्यम है।
मुख्य आयोजन 2 नवम्बर 2025 को गूंजी गाँव, व्यास घाटी से होगा। इसमें देशभर से धावक शामिल होंगे। दौड़ की कठिनाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह समुद्र तल से 10,300 से 15,000 फीट ऊँचाई पर होगी।
आयोजन में पाँच श्रेणियाँ होंगी—60 किमी, 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी रन। सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल ने कहा कि विजेताओं को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी और अगला आयोजन जून 2026 में माणा-नीति घाटी में होगा।




