भारत और ब्रिटेन के बीच रिश्तों में नई ऊर्जा: दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे ब्रिटिश पीएम किएर स्टार्मर

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर बुधवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है।
इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाना है।
ब्रिटिश पीएम अपने साथ उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बड़े दल के साथ भारत आए हैं। वे मुंबई में भारतीय उद्योग जगत के नेताओं से मुलाकात करेंगे और भारत-ब्रिटेन साझेदारी को नए मुकाम पर ले जाने की दिशा में चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के बीच नवाचार, शिक्षा, हरित ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और रक्षा सहयोग जैसे विषयों पर भी बातचीत होगी।
किएर स्टार्मर की यह यात्रा ब्रेक्जिट के बाद ब्रिटेन की एशिया केंद्रित नीति को मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।




