देहरादून में पीएम मोदी की यात्रा पर सख्त ट्रैफिक प्लान, एफआरआई क्षेत्र घोषित हुआ जीरो जोन

Daily Prime Desk
2 Min Read

देहरादून, 09 नवंबर उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं देहरादून पहुंचेंगे और वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए दून पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया गया है, जिसके तहत एफआरआई के 500 मीटर दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

यातायात योजना 09 नवंबर की सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में भारी वाहनों का शहर के आंतरिक व बाहरी मार्गों पर प्रवेश वर्जित रहेगा। हालांकि, रूट डायवर्जन प्लान शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसका सर्वाधिक असर चकराता रोड के माध्यम से एफआरआई जाने वाले मार्गों पर पड़ेगा। ऐसे यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करनी होगी।

राज्यभर से समारोह में पहुंचने वाले लोगों के लिए अलग-अलग रूट्स के हिसाब से पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। वहां से आगंतुकों को समारोह स्थल तक लाने के लिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने अपील की है कि नागरिक मुख्य मार्गों की जगह वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सके। ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और उनके मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।

     

Share This Article