प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से ऑस्ट्रेलिया के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मेलबर्न में 8 से 10 जुलाई तक होने वाले कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री अल्बनीज़ के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भाग लेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे मेलबर्न में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने भारत को ऑस्ट्रेलिया का महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।


