21 गेंदों में 7 विकेट! चमारी अटापट्टू ने रचा इतिहास, एशिया कप में पहली बार हुआ ऐसा

Daily Prime Desk
2 Min Read

श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने महिला एशिया कप 2026 में गेंद से ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसने उन्हें क्रिकेट इतिहास में खास मुकाम दिला दिया। इंडोनेशिया के खिलाफ मुकाबले में अटापट्टू ने महज 21 गेंदों यानी 3.3 ओवर में 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए। उनके इस प्रदर्शन में हैट्रिक भी शामिल रही।

अटापट्टू की घातक गेंदबाजी के सामने इंडोनेशिया की पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 49 रन पर सिमट गई। श्रीलंका ने यह मुकाबला 75 रन से जीतकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

इस प्रदर्शन के साथ अटापट्टू पुरुष और महिला, दोनों एशिया कप के इतिहास में एक मैच में सात विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बन गई हैं। इससे पहले महिला एशिया कप में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड पाकिस्तान की जावेरिया खान के नाम था, जिन्होंने 2008 में बांग्लादेश के खिलाफ 8 रन देकर 6 विकेट लिए थे।

अटापट्टू ने मुकाबले के अंतिम चरण में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की। यह उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला पांच विकेट हॉल भी रहा और 7/5 के आंकड़े श्रीलंका के पुरुष और महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में भी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े बन गए हैं।

इससे पहले श्रीलंका ने निलाक्षिका सिल्वा की 50 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में 124/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंडोनेशियाई बल्लेबाजी अटापट्टू की फिरकी के सामने पूरी तरह बिखर गई।

Share This Article