देहरादून। पटेलनगर के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो युवक अपने एक साथी को धक्का देकर गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों उसे सड़क पर छोड़कर चले जाते हैं। कुछ देर बाद लौटकर युवक को हिलाते-डुलाते हैं और फिर फरार हो जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया गया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।


