5 नवंबर की सुबह अचानक बंद हुई ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा, एसी और स्लीपर तत्काल टिकट की बुकिंग से पहले आई तकनीकी परेशानी
दिवाली से पहले घर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे यात्रियों को गुरुवार सुबह परेशानी का सामना करना पड़ा। 5 नवंबर को अचानक भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप ने काम करना बंद कर दिया। इससे बड़ी संख्या में यात्री तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाए।
जानकारी के मुताबिक, वेबसाइट और ऐप उस समय ठप हुए, जब तत्काल टिकटों की बुकिंग शुरू होने वाली थी। त्योहारों के दौरान पहले से ही ट्रेनों में टिकटों की मांग अधिक है। ऐसे में ऑनलाइन बुकिंग सेवा बाधित होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
तत्काल टिकट बुकिंग से ठीक पहले आई दिक्कत
रेलवे के नियमों के अनुसार, एसी क्लास की तत्काल टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास की बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होती है। यात्रियों को उम्मीद थी कि वे निर्धारित समय पर टिकट बुक कर सकेंगे, लेकिन वेबसाइट और मोबाइल ऐप के काम नहीं करने से उन्हें परेशानी हुई।
सोशल मीडिया पर यात्रियों ने जताई नाराजगी
IRCTC की सेवाएं बाधित होने के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें साझा कीं। यात्रियों का कहना था कि टिकट बुकिंग के महत्वपूर्ण समय पर वेबसाइट और ऐप का काम नहीं करना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया।


