पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नई तारीख की घोषणा कर दी है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से परीक्षा की नई तिथि को लेकर लगातार असमंजस बना हुआ था।
NTA की ओर से जारी सूचना के अनुसार, परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित कराया जाएगा। पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद परीक्षा प्रक्रिया पर कई सवाल उठे थे, जिसके चलते सरकार और एजेंसी ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। अब नई तारीख घोषित होने के साथ ही छात्रों को दोबारा तैयारी का मौका मिलेगा।


