देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों में सेवाएं दे रहे गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार उनके मानदेय में करीब 22,700 रुपये की बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। वर्तमान में गेस्ट फैकल्टी को 35,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 57,700 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार, गेस्ट फैकल्टी को UGC के अनुरूप मानदेय देने के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद बढ़ेगा मानदेय
सरकार का उद्देश्य गेस्ट फैकल्टी को UGC के निर्धारित मानकों के अनुसार मानदेय उपलब्ध कराना है। फिलहाल इस संबंध में विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जाना है। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद ही इस पर अंतिम निर्णय होगा।
एक लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट
शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों के एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी।

