ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। बिगवाड़ा गेट पर रास्ता पूछने के बहाने एक कार रुकवाई गई और इसके बाद उसमें सवार पूर्व कर्नल के परिवार को घेरकर हमला कर दिया गया। चार से पांच बाइक और स्कूटी सवार हमलावरों ने तमंचा लहराते हुए परिवार को गोली मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने पूर्व कर्नल के बेटे के गले से सोने की चेन लूट ली और कार में बैठी महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की।
घटना के दौरान हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। किसी तरह परिवार ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
पंजाब निवासी रिटायर्ड कर्नल साधू सिंह बाजवा के मुताबिक, 25 नवंबर की रात उनका बेटा सुखमन सिंह अपनी पत्नी, मां, बहन और मौसी के साथ केशवगढ़, गदरपुर में आयोजित एक विवाह समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11:25 बजे जब उनकी कार बिगवाड़ा गेट के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने वाहन रुकवा लिया।
पीछा कर प्रबल ग्रीन के पास घेरा
बताया गया कि शक होने पर सुखमन सिंह ने कार आगे बढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद बाइक और स्कूटी सवार आरोपियों ने कार का पीछा किया और प्रबल ग्रीन के पास परिवार को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लूटपाट के साथ वाहन में तोड़फोड़ की।
घटना के बाद परिवार ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले में आरोपियों की पहचान और कार्रवाई को लेकर पुलिस की जांच अहम होगी।


