रुबियो का बड़ा बयान: भारत है करीबी सहयोगी, फिर भी रूस से तेल खरीद पर ट्रम्प ने लगाया अतिरिक्त शुल्क

नई दिल्ली/वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत और अमेरिका करीबी सहयोगी हैं, लेकिन रूस से कच्चा तेल खरीदने पर ट्रम्प प्रशासन ने भारत पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाया गया है, जिससे संयुक्त टैरिफ अब 50% हो गया है।
रुबियो ने कहा कि यह कदम रूस की ऊर्जा आय को सीमित करने के लिए उठाया गया है, क्योंकि वही पैसा यूक्रेन युद्ध को जारी रखने में प्रयोग हो रहा है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ट्रम्प प्रशासन ने यूरोप को भी कड़ा संदेश दिया है क्योंकि कुछ यूरोपीय देश अब भी रूस से तेल और गैस खरीद रहे हैं।
जब उनसे यह सवाल किया गया कि ट्रम्प ने पुतिन के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष कार्रवाई क्यों नहीं की, तो रुबियो ने कहा कि भारत और चीन पर टैरिफ लगाने की यह नीति भी प्रत्यक्ष कार्रवाई के समान है।
रुबियो और भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की न्यूयॉर्क में हुई बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने और संवाद जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।



