गांधी जयंती की छुट्टी पर चकराता हुआ गुलजार, होटल-होमस्टे में बढ़ी बुकिंग

Daily Prime Desk
1 Min Read

चकराता: गांधी जयंती की छुट्टी और वीकेंड के चलते शुक्रवार को चकराता पर्यटकों से गुलजार रहा। गुरुवार देर रात से ही देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शुक्रवार को भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रही, जिससे चकराता और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल देखने को मिली।

छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटकों ने चकराता का रुख किया। पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय बाजारों में भी रौनक नजर आई। होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउसों में भी अच्छी बुकिंग रही।

स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक, अब चकराता का पर्यटन कारोबार केवल गर्मी या किसी खास पर्यटन सीजन तक सीमित नहीं रह गया है। पिछले कुछ वर्षों में यहां सालभर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। खासकर सप्ताहांत और लंबी छुट्टियों में बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता पहुंच रहे हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल कारोबार के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी लाभ मिल रहा है।

Share This Article